पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि राज्य सरकार जबरन धर्मांतरण को रोकने के लिए एक विधेयक लाने की योजना बना रही है। बांकुरा में कल पश्चिमांचल उन्नयन परिषद की बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में जल्द ही एक समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में एक मसौदा विधेयक तैयार किया जा चुका है।
श्री अधिकारी ने आरोप लगाया कि धार्मिक संस्थानों की स्थापना के नाम पर विदेशों से धन प्राप्त हो रहा है और इस धन का उपयोग धर्मांतरण के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार इस तरह की गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने के लिए एक नया कानून बनाने पर विचार कर रही है। मुख्यमंत्री ने इससे पहले कहा था कि राज्य के पश्चिमी जिलों के विकास में तेजी लाने के लिए विकास को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सामाजिक और अवसंरचनात्मक विकास पर ध्यान केंद्रित करते हुए तीन महीने की कार्य योजना तैयार की गई है।