पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार अभियान तेज हो गया है। भीषण गर्मी और उमस के बावजूद सभी प्रमुख राजनीतिक दल अपनी पूरी ताकत लगा रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी-भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में रैलियों को संबोधित किया। विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने पूर्वी मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम में रैली की, जबकि दिलीप घोष ने खड़गपुर में जनसभा को संबोधित किया। भाजपा नेताओं ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस-टीएमसी पर कुप्रबंधन और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा सहित पार्टी नेताओं ने उत्तरी बंगाल में प्रचार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भय का माहौल है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उत्तर 24 परगना जिले के कमरहट्टी में पार्टी उम्मीदवार के समर्थन में प्रचार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के शासन में पश्चिम बंगाल पिछड़ गया है।
दूसरी ओर, मुख्यमंत्री ममता बैनर्जी ने कहा कि भाजपा को विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कल संविधान संशोधन विधेयक की हार का जिक्र किया और भाजपा नेतृत्व की आलोचना की। टीएमसी के एक अन्य नेता अभिषेक बैनर्जी ने मुर्शिदाबाद के फरक्का में रोड शो किया। उन्होंने भाजपा पर पश्चिम बंगाल की उपेक्षा करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस नेता और तेलंगाना के मंत्री मोहम्मद अजहरुद्दीन ने मुर्शिदाबाद और मालदा जिलों में जनसभाओं को संबोधित किया। वामपंथी दलों और अन्य राजनीतिक समूहों ने भी राज्य में अपने चुनाव प्रचार अभियान तेज कर दिए हैं।
News On AIR | अप्रैल 18, 2026 7:16 अपराह्न | poll campaigns
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार अभियान तेज