अगस्त 17, 2026 1:13 अपराह्न

printer

पश्चिम बंगाल: बीरभूम जिले में होटल में आग लगने से पांच लोगों की मौत, प्रधानमंत्री मोदी ने संवेदना व्यक्त की

पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में तारापीठ पुलिस स्टेशन के पास स्थित एक होटल में आज तड़के आग लगने से पांच लोगों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, आग सबसे पहले होटल के रिसेप्शन में लगी और चार मंजिला इमारत में फैल गई। आग लगने के समय ज्यादातर मेहमान सो रहे थे। होटल तीर्थयात्रियों से भरा हुआ था, जो श्रावण माह के आखिरी सोमवार को मनाने के लिए तारापीठ पहुंचे थे। होटल मालिक ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। दमकलकर्मी और पुलिस मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के बीरभूम में आग हादसे में लोगों के मारे जाने पर गहरा दुख व्‍यक्‍त किया है। सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री मोदी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्‍यक्त की और घायलों के शीघ्र स्‍वस्‍थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्‍थानीय प्रशासन पीडि़त लोगों को आवश्‍यक सहायता उपलब्‍ध करा रहा है।