पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य की जनता से अधिक विकसित, समृद्ध और उज्ज्वल पश्चिम बंगाल के निर्माण के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया है। आकाशवाणी कोलकाता के माध्यम से आज सुबह अपने संबोधन में श्री अधिकारी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर राज्य की जनता को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपना बलिदान देकर भारत की स्वतंत्रता को संभव बनाने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, खुदीराम बोस, मातंगिनी हाजरा, प्रीतिलता वाद्देदार और बिनोय, बादल और दिनेश के बलिदान हमें सिखाते हैं कि स्वतंत्रता केवल एक राजनीतिक विजय नहीं है, बल्कि देश को आगे ले जाने की एक पवित्र प्रतिबद्धता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक एक विकसित भारत का लक्ष्य निर्धारित किया है। पश्चिम बंगाल इस लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। श्री अधिकारी ने कहा कि उनकी सरकार युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करने, महिलाओं को सशक्त बनाने और शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, कृषि और उद्योग में विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।