जुलाई 31, 2026 9:50 पूर्वाह्न

printer

ओडिशा में महानदी का जलस्तर बढ़ा, स्थिति गंभीर

ओडिशा में महानदी का जलस्तर लगातार बढने से बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो गई है। इस कारण निचले थाले के व्यापक क्षेत्र जलमग्न हो गए हैं। बढ़ते जल प्रवाह को नियंत्रित करने के लिए हीराकुड बांध के दो गेट खोल दिए गए हैं, मुंडाली बांध में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इस कारण अधिकारियों ने महानदी और इसकी सहायक नदियों के संवेदनशील क्षेत्रों के लिए हाई अलर्ट जारी किया है। नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण पांच जिलों में बाढ़ की चेतावनी दी गई है। एहतियात के तौर पर राज्य सरकार ने जगतसिंहपुर, खुर्दा, भद्रक और जाजपुर जिलों में स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है। इस बीच, उत्तरी ओडिशा में सैकड़ों गांव और कृषि भूमि बाढ़ के पानी में डूबी हुई हैं। बचाव और राहत कार्य तेज करने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल की टीमें तैनात की गई हैं। जाजपुर जिले में, वैतरनी नदी में आई बाढ़ ने दशरथपुर और जाजपुर ब्लॉकों को बुरी तरह प्रभावित किया है, जिससे सड़क संपर्क और बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। कई निवासी फंसे हैं और आपात सहायता पर निर्भर हैं।