मई 24, 2026 11:49 पूर्वाह्न

printer

वेनेजुएला की नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मारिया कोरीना मचाडो लड़ेंगी राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव

वेनेजुएला की नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मारिया कोरीना मचाडो ने फिर से राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ने घोषणा की है। उन्‍होंने कहा कि वह इस वर्ष के अंत तक अपने देश लौटने की योजना बना रही हैं। नोबेल विजेता मचाडो ने यह बात कल पनामा सिटी में वेनेजुएला के विपक्षी नेताओं के साथ बैठक के दौरान कही।

यह घटनाक्रम व्हाइट हाउस के उस फैसले के चार महीने बाद सामने आया है, जिसमें अमरीका ने मचाडो को अलग रखते हुए वेनेजुएला की सत्तारूढ़ पार्टी की नेता और कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज के साथ काम करने का निर्णय लिया था। यह फैसला अमरीकी सेना द्वारा तत्कालीन राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ने के बाद लिया गया था।

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज की सराहना की है। रोड्रिगेज ने ईरान युद्ध के कारण बढ़ती तेल कीमतों के बीच वेनेजुएला के तेल उद्योग को अमरीकी निवेश के लिए खोल दिया है।

मचाडो दिसंबर से निर्वासन में रह रही हैं। वे वेनेजुएला में 11 महीने तक छिपकर रहने के बाद नॉर्वे गई थीं, जहां उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वेनेजुएला में राष्ट्रपति चुनाव कब होगा।