अगस्त 1, 2026 9:06 पूर्वाह्न

printer

आज आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के एक दिन के दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के एक दिन के दौरे पर रहेंगे। श्री मोदी पहले आंध्र प्रदेश की यात्रा करेंगे, जहां वह विजयनगरम जिले के भोगपुरम में करीब 18 हजार करोड़ रुपये की विभिन्‍न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्‍यास करेंगे।

प्रधानमंत्री भोगपुरम स्थित अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे। इस नये ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे को सार्वजनिक-निजी भागीदारी द्वारा पांच हजार 600 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित किया गया है। यह हवाई अड्डा आंध्र प्रदेश में पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार सृजन करने के साथ-साथ हवाई संपर्क को मजबूती प्रदान करेगा।

प्रधानमंत्री विशाखापत्तनम में 460 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से विकसित की जा रही ए.एस.आई.पी सेमीकंडक्टर परियोजना की आधारशिला रखेंगे। यह भारत सेमीकंडक्टर मिशन के अंतर्गत स्वीकृत आंध्र प्रदेश का पहला सेमीकंडक्टर विनिर्माण केंद्र है। इस केंद्र में प्रति वर्ष लगभग नौ करोड़ 60 लाख सेमीकंडक्टर चिप का निर्माण होगा और उच्‍च कौशल रोजगार के अवसर उत्‍पन्‍न होंगे। इसके अलावा सेमीकंडक्‍टर विनिर्माण के लिए मजबूत आनुषंगिक पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा मिलेगा।

श्री मोदी कुरनूल-चार नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र के एकीकरण के लिए 4.5 गीगावाट क्षमता वाले ट्रांसमिशन सिस्टम के प्रथम चरण की आधारशिला भी रखेंगे। इसे पावरग्रिड द्वारा एक विशेष प्रयोजन वाहन द्वारा लगभग पांच हजार 550 करोड़ रुपये के निवेश से कार्यान्वित किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री लगभग तीन हजार पांच सौ पचास करोड़ रुपये की लागत से कार्यान्वित कुरनूल पवन ऊर्जा क्षेत्र और सौर ऊर्जा क्षेत्र – भाग ए और भाग बी के लिए ट्रांसमिशन सिस्टम का उद्घाटन करेंगे। वे अनंतपुरम में दो हजार पांच सौ मेगावाट और कुरनूल में एक हजार मेगावाट के सौर ऊर्जा क्षेत्र के लिए पावरग्रिड द्वारा 800 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से कार्यान्वित ट्रांसमिशन सिस्टम का भी उद्घाटन करेंगे। ये ट्रांसमिशन प्रोजेक्ट्स कुरनूल और अनंतपुरम के नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में पैदा होने वाली बिजली को बाहर भेजने और नेशनल ग्रिड के ज़रिए देश भर में लाभार्थियों तक बिजली पहुँचाने में मदद करेंगे।

श्री मोदी एक हजार 880 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्‍यास करेंगे। प्रधानमंत्री राष्‍ट्रीय राजमार्ग – 565 के पेंचलाकोना-येरपेडु खंड पर लिंगसमुद्रम में उच्च स्तरीय पुल की आधारशिला भी रखेंगे। इन परियोजनाओं से विजयवाड़ा और कई अन्य शहरों में सड़क सुरक्षा में सुधार होगा, साथ ही विशाखापत्तनम और हैदराबाद के बीच की दूरी और समय भी कम होगा और क्षेत्रीय संपर्क को बढावा मिलेगा।

आंध्र प्रदेश के बाद प्रधानमंत्री कर्नाटक के मैसूरु पहुंचेंगे जहां वे स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र – विवेक स्मारक का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री इस अवसर पर सभा को संबोधित भी करेंगे। यह स्मारक स्वामी विवेकानंद की नवंबर 1892 में मैसूरु की ऐतिहासिक यात्रा की स्मृति में बनाया गया है। ऐतिहासिक निरंजन मठ में स्थापित विवेक स्मारक 81 हजार वर्ग फुट से अधिक क्षेत्र में विकसित है।

इस स्‍मारक में एक प्रमुख भवन और एक संलग्‍न खंड शामिल होगा। इसमें एक 4-डी अनुभव केंद्र, एक प्रदर्शनी हॉल, लगभग 700 लोगों के बैठने की क्षमता वाला एक एम्फीथिएटर, क्लासरूम, सम्‍मेलन कक्ष, एक पुस्‍तकालय, एक अध्‍ययन कक्ष, एक ध्‍यान और योग हॉल, और एक पुस्‍तक स्टॉल है। इस सेंटर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए विशेष सुविधाएं भी हैं।