सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पीआईबी इम्फाल के अपर महानिदेशक डॉ. एंगम पामे, दूरदर्शन केन्द्र आइजोल के निदेशक -समाचार, नाम्पिबौ मारिनमाई और केंद्रीय संचार ब्यूरो आइजोल के बहु-कार्य कर्मचारी एच. लियानवेला के दुखद निधन पर शोक व्यक्त किया है।
श्री वैष्णव ने सोशल मीडिया पोस्ट में उनके शोक-संतप्त परिवारों, मित्रों और सहकर्मियों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
रक्षा मंत्रालय ने नाम्पिबौ मारिनमाई के दुखद निधन पर शोक व्यक्त किया है। नाम्पिबौ मारिनमाई ने रक्षा जनसंपर्क निदेशालय में रक्षा जनसंपर्क अधिकारी और डीडी न्यूज मिजोरम के निदेशक के रूप में सेवाएं दी थीं। उनकी भारतीय सूचना सेवा के वरिष्ठ अधिकारी और पीआईबी इम्फाल के अपर महानिदेशक डॉ. एंगम पामे, तथा एक अन्य सरकारी अधिकारी के साथ आइजोल के पास एक दुखद सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई।
रक्षा मंत्रालय ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि रक्षा जनसंपर्क अधिकारी के रूप में नाम्पिबौ मारिनमाई की समर्पित सेवा और रक्षा रिपोर्टिंग के साथ उनके लंबे जुड़ाव को गहरे सम्मान के साथ याद किया जाएगा। मंत्रालय ने कहा कि रक्षा बलों की उनकी प्रतिबद्धतापूर्ण कवरेज और उनकी कहानियों तथा उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने में उनके योगदान को हमेशा महत्व दिया जाएगा।