उत्तराखंड के चमोली ज़िले के बद्रीनाथ में आज दो दिन का देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव शुरू हुआ। भारतीय सेना और ज़िला प्रशासन ने मिलकर ऑपरेशन सद्भावना के अंतर्गत इस महोत्सव का आयोजन किया है। यह महोत्सव संस्कृति हमारी विरासत, हमारा भविष्य विषय पर आयोजित किया जा रहा है।
इस महोत्सव में लोक नृत्य, लोक संगीत, हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पाद और पारंपरिक खान-पान की झलक देखने को मिलेगी। महिलाओं के स्वयं-सहायता समूहों, कारीगरों, किसानों और युवा उद्यमियों ने भी स्थानीय उत्पादों के स्टॉल लगाए हैं। भारतीय सेना सीमाओं की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका और ऑपरेशन सद्भावना के अंतर्गत किए गए विभिन्न सामाजिक विकास कार्यों को प्रदर्शित कर रही है।
इस अवसर पर उत्तरी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग, लेफ्टिनेंट जनरल डी.जी. मिश्रा ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य युवा पीढ़ी को उनकी लोक संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना और सीमावर्ती इलाकों के स्थानीय उत्पादों और प्रतिभाओं को एक मंच देना है।