अक्टूबर 30, 2026 9:15 अपराह्न

printer

उत्तराखंड: बदरीनाथ से देहरादून जा रहा हेलीकॉप्टर हाथी पर्वत की पहाड़ियों में दुर्घटनाग्रस्त

चमोली जिले में बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड जा रहा एक हेलीकॉप्टर आज दोपहर चाई गांव के ऊपर हाथी पर्वत की पहाड़ियों में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पायलट समेत हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मृत्यु हो गई।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन के बताया कि दोपहर करीब दो बजे दुर्घटना की सूचना मिली थी। सेना की सिग्नल सेंटर टीम ने क्षेत्र में हेलीकॉप्टर से धुआं उठते और उसे तेजी से नीचे की ओर जाते देखा था। हेलीकॉप्टर में सवार सभी यात्री कर्नाटक के रहने वाले थे।

सूचना मिलते ही सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्‍यक्‍त की है। मुख्यमंत्री धामी ने दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।