सितम्बर 3, 2026 9:15 अपराह्न

printer

उत्तर प्रदेश: तेज वर्षा और बांधों से पानी छोड़े जाने के कारण 23 जिले बाढ़ की चपेट में, प्रधानमंत्री ने वाराणसी की स्थिति की जानकारी ली

उत्तर प्रदेश में तेज वर्षा और बांधों से पानी छोड़े जाने के कारण 23 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के जिलाअधिकारी सत्येंद्र कुमार से फोन पर बात कर स्थिति की जानकारी ली। श्री मोदी ने काशी में नदियों के जलस्तर और राहत शिविरों में इंतजामों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने वाराणसी के महापौर अशोक तिवारी से भी फोन पर बातचीत की।

इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फर्रुखाबाद में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने बचाव और राहत कार्यों की समीक्षा की। श्री आदित्यनाथ ने बाढ़ से प्रभावित एक हजार परिवारों को राहत सामग्री वितरित की। उन्होंने विस्थापित लोगों को भूमि आवंटन प्रमाण पत्र भी प्रदान किए।

तेज बारिश के कारण जौनपुर, सोनभद्र, वाराणसी, पीलीभीत, चित्रकूट और चंदौली में आज स्कूल बंद रहे। इस बीच, चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रह रहे लोगों से तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।