अमरीका इस वर्ष होने वाले कई बड़े वैश्विक सम्मेलनों की तैयारियों को बढ़ावा दे रहा है। इसी सिलसिले में अमरीका 30 और 31 अक्तूबर को जॉर्जिया के अटलांटा शहर में जी-20 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक की अध्यक्षता करेगा।
अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कल घोषणा की कि इस बैठक में दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के विदेश मंत्री शामिल होंगे ताकि वैश्विक स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने के जी20 के मुख्य उद्देशय को आगे बढ़ाया जा सके।
विदेश विभाग के बयान के अनुसार, इस बैठक में मुख्य रूप से अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने, वैश्विक आर्थिक चुनौतियों से निपटने, खुले बाजारों को बढ़ावा देने और आपूर्ती श्रृंखला को मजबूत बनाने जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब अमरीका 14 और 15 दिसंबर को फ्लोरिडा के मियामी स्थित ट्रंप नेशनल डोरल के मुख्य जी20 नेताओं के शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने की तैयारी कर रहा है। यह शिखर सम्मेलन अमरीका की आजादी 250वीं वर्षगांठ के समारोहों के साथ होगा। जी20 में अमेरिका, भारत, चीन, रूस, जापान, जर्मनी, फ्रांस, ब्राजील, सऊदी अरब, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया और यूरोपीय संघ जैसी प्रमुख अर्थव्यवस्थाएं शामिल हैं। यह समूह वैश्विक जीडीपी का लगभग 85 प्रतिशत और दुनिया की करीब दो – तिहाई आबादी का प्रतिनिधित्व करता है।