मई 27, 2026 10:05 पूर्वाह्न

printer

अमरीकी सीनेटर ने अमरीका-ईरान के बीच मध्यस्थता के लिए पाकिस्तान की भूमिका की आलोचना की

अमरीकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने अमरीका और ईरान के बीच मध्यस्थता के लिए पाकिस्तान की भूमिका की आलोचना की है। उन्‍होंने कहा है कि इस्राएल के प्रति पाकिस्‍तान के लंबे समय से चले आ रहे विरोध के कारण उसे तटस्थ नहीं माना जा सकता।

श्री ग्राहम ने दावा किया कि ईरानी सैन्य विमान पाकिस्तानी हवाई अड्डे का उपयोग कर रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि इस्राएल के बारे में पाकिस्तानी नेताओं की टिप्पणियां चिंताजनक हैं। श्री ग्राहम ने पाकिस्तान से अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के अब्राहम समझौते में शामिल होने के आह्वान पर स्पष्ट प्रतिक्रिया देने का भी आग्रह किया।

ये टिप्पणियां पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मुहम्मद आसिफ के एक टीवी चैनल को दिए गए साक्षात्कार में अब्राहम समझौते में पाकिस्तान के शामिल होने से इंकार करने के बाद आईं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान किसी भी ऐसे समझौते का समर्थन नहीं करेगा जो देश की मूलभूत विचारधाराओं के खिलाफ हो।

श्री ट्रम्प ने हाल ही में ईरान के साथ वार्ता से जुड़े व्यापक पश्चिम एशिया शांति प्रयासों के हिस्से के रूप में पाकिस्तान, सऊदी अरब, कतर, मिस्र, जॉर्डन, बहरीन और तुर्कीए सहित कई मुस्लिम-बहुल देशों से अब्राहम समझौते में शामिल होने का आह्वान किया था। वर्ष 2020 में हस्ताक्षरित अब्राहम समझौता अमरीका समर्थित समझौता है। इसके अंतर्गत इस्राएल और कई अरब देशों के बीच संबंधों को सामान्य बनाया था।