अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा है कि ईरान का होर्मूज जलडमरूमध्य में आवागमन के लिए जहाजों पर शुल्क लगाना पूरी तरह अस्वीकार्य है। स्वीडन में नेटो विदेशमंत्रियों की बैठक में उन्होंने कहा कि अगर यह सिलसिला होर्मूज में जारी रहता है तो विश्व के पांच अन्य स्थानों पर भी ऐसा ही होगा। अमरीकी विदेश मंत्री ने कहा कि दुनिया का कोई भी देश ऐसी मांग स्वीकार नहीं करेगा। ईरान के साथ बातचीत के बारे में श्री रूबियो ने कहा कि मौजूदा वार्ता पर नतीजों का इंतजार है लेकिन इस दिशा में बहुत मामूली प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि मूल मांग यही है कि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होने चाहिए।
इससे पहले, विदेश मंत्री मार्को रुबियो और नेटो महासचिव मार्क रूटे ने नेटो विदेश मंत्रियों की बैठक से अलग मुलाकात की। बैठक के बाद उन्होंने बताया कि नेटो के सहयोगी देश रक्षा उत्पादन बढ़ाएंगे और होर्मूज जलडमरूमध्य में नौवहन स्वतंत्रता बनाए रखेंगे।