मई 26, 2026 6:44 पूर्वाह्न

printer

अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा -ईरान युद्ध समाप्ति समझौते में सऊदी अरब और पाकिस्तान सहित कई देशों को अब्राहम समझौते में शामिल किया जाना चाहिए

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान युद्ध समाप्त करने के लिए किसी भी समझौते में सऊदी अरब और पाकिस्तान सहित कई देशों को अब्राहम समझौते में शामिल किया जाना चाहिए।
 
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ बातचीत अच्छी तरह आगे बढ़ रही है। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी है कि या तो यह बातचीत शांति समझौते में बदलेगी या फिर पहले से भी बड़े संघर्ष की स्थिति का कारण बनेगी।
 
ट्रंप ने कहा कि किसी भी संभावित समझौते को अब्राहम समझौते के विस्तार से जोड़ा जाना चाहिए, जिसे उन्होंने पश्चिम एशिया के लिए एक ऐतिहासिक अवसर बताया। उन्होंने सऊदी अरब, कतर, पाकिस्तान, तुर्कीए, मिस्र, जॉर्डन और बहरीन जैसे देशों से इस समझौते में शामिल होने की अपील की।
 
राष्‍ट्रपति ट्रंप ने यह भी कहा कि सऊदी अरब और कतर को समझौते के तुरंत बाद इसमें शामिल होना चाहिए। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि यदि अमरीका के साथ सफल समझौता होता है तो ईरान भी भविष्य में इस ढांचे का हिस्सा बन सकता है।
 
अब्राहम समझौता अमरीका की मध्यस्थता में इस्राएल और कई अरब तथा मुस्लिम देशों के बीच संबंध सामान्य बनाने के लिए शुरू किया गया था। इस बीच, ईरान ने कहा है कि अमरीका के साथ बातचीत में कुछ प्रगति हुई है, लेकिन समझौता अभी करीब नहीं है।