अमरीका के सीनेट ने चीन में उन्नत अमरीकी सेमीकंडक्टरों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए एक द्विदलीय विधेयक पारित किया है। वाशिंगटन को आशंका है कि इन चिप्स का इस्तेमाल चीनी सैन्य और खुफिया कार्यक्रमों में किया जा सकता है। स्टॉप स्टीलिंग अवर चिप्स एक्ट नामक यह विधेयक रिपब्लिकन सीनेटर माइक राउंड्स द्वारा पेश किया गया और डेमोक्रेटिक सीनेटर मार्क वार्नर ने इसे सह-प्रायोजित किया।
विधेयक में अवैध सेमीकंडक्टर निर्यात की रिपोर्टिंग को प्रोत्साहित करने के लिए उद्योग और सुरक्षा ब्यूरो के भीतर एक व्हिसलब्लोअर प्रोत्साहन कार्यक्रम का प्रस्ताव है। इसमें निर्यात नियंत्रण उल्लंघनों से एकत्र किए गए जुर्माने के माध्यम से वित्तपोषित निर्यात अनुपालन जवाबदेही कोष का भी प्रस्ताव है।
यह विधेयक अब राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के हस्ताक्षर के लिए भेजे जाने से पहले प्रतिनिधि सभा में जाएगा।