अमरीका और ईरान के बीच तनाव और बढ़ गया है। अमरीकी सेना ने दक्षिणी ईरान में नए हवाई हमले किए हैं। इन हमलों को वाशिंगटन ने अपने सैनिकों की सुरक्षा के लिए ‘आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई बताया है। यह कार्रवाई उस समय हुई जब ईरान के शीर्ष अधिकारी दोहा में संघर्ष विराम को लेकर वार्ता कर रहे थे। इन हमलों में उन ठिकानों को निशाना बनाया गया, जहां मिसाइलें तैनात की जा रही थीं और जो नावें बारूदी सुरंगें लगाने की कोशिश कर रही थीं। यह ईरान का मुख्य नौसैनिक अड्डा है। एक प्रवक्ता ने कहा कि अमरीका की सेना ने अपने जवानों की सुरक्षा के लिए कार्रवाई की है।
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची और संसद अध्यक्ष मोहम्मद बगेर ग़ालिबफ़ कतर में संभावित शांति समझौते की संभावनाओं पर बातचीत कर रहे हैं। खबरों के अनुसार, ईरान कतर में जमा लगभग 12 अरब अमरीकी डॉलर की संपत्तियों की रिहाई की मांग कर रहा है। हालांकि, कतर ने ऐसी किसी भी वित्तीय पेशकश की खबरों को निराधार बताते हुए खारिज कर दिया है।
इस बीच, ईरान ने फरवरी में हुए मिसाइल हमले की कड़ी निंदा की है, जिसमें 21 लोग मारे गए थे। अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि ईरान के साथ संभावित समझौते में अभी कुछ दिन लग सकते हैं।