सितम्बर 24, 2026 7:53 पूर्वाह्न

printer

यूपी में सीएम योगी आदित्यनाथ ने ‘भारत टैक्सी’ और ‘मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना’ का शुभारंभ किया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के टैक्सी चालकों और किसानों के लिए दो बड़े कदम उठाते हुए ‘भारत टैक्सी’ सेवा और ‘मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना’ की शुरूआत की है। इस नई पहल के तहत, दोपहिया, तिपहिया और टैक्सी चालक बिना किसी कमीशन के इस प्लेटफॉर्म से जुड़ सकेंगे और उन्हें 5 लाख रुपये तक की सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जाएगी। भारत टैक्सी का संचालन लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज में शुरू हो गया है। लखनऊ हवाई अड्डे, लखनऊ मेट्रो और लखनऊ पुलिस सहित विभिन्न संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापनों पर भी हस्ताक्षर किए गए हैं।
 
प्रयागराज महाकुंभ 2025 का उल्‍लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि कैसे लाखों युवाओं ने रैपिडो के माध्यम से श्रद्धालुओं को संगम, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट तक पहुंचाने में मदद की थी।
 
दूसरी ओर, मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के अंतर्गत किसानों को बड़ी राहत दी गई है। उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम्य विकास बैंक द्वारा किसानों को दिए जाने वाले ऋण की ब्याज दर को 11 प्रतिशत से घटाकर मात्र 6 प्रतिशत कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेती और मशीनरी के लिए फंड की कमी न हो, इसके लिए दीर्घकालिक ऋण की व्यवस्था की गई है, जिससे आने वाले समय में 5 लाख लघु और सीमांत किसानों को लाभान्वित करने का लक्ष्य है।
 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि साल 2017 में उनकी सरकार बनने के बाद से अब तक 86 लाख लघु और सीमांत किसानों का 36 हजार करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज माफ किया जा चुका है। साथ ही दशकों से लंबित सिंचाई परियोजनाओं को भी पूरा किया गया है। चीनी मिलों का जिक्र करते हुए मुख्‍यमंत्री ने कहा कि राज्य में वर्तमान में 122 चीनी मिलें संचालित हैं, जिनमें से 100 से अधिक मिलें चौथे दिन ही गन्ने की खरीद का भुगतान कर रही हैं। पिछले नौ वर्षों में किसानों को 3 लाख 30 हजार करोड़ रुपये का गन्ना भुगतान किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने 29 चीनी मिलें बंद कर दी थीं, जिनमें से 21 बेहद कम कीमत पर बेच दी गईं।