हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति में सर्दियों के दौरान डाक सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए अनूठी पहल शुरू की गई है। भारी बर्फबारी से सड़कें बंद होने पर अब ड्रोन के जरिए दूरदराज के डाकघरों तक डाक पहुंचाई जाएगी।
कल केलांग से तांदी के चार शाखा डाकघरों तक ड्रोन से सफलतापूर्वक डाक पहुंचाई गई। ड्रोन ने 6.2 किलोमीटर की हवाई दूरी महज 11 मिनट में तय की।
तांदी डाकघर के अधिकारी अजित कुमार ने कहा कि केलांग से सभी संबद्ध शाखा डाकघरों तक एक ही दिन में ड्रोन के जरिए डाक पहुंचाने की व्यवस्था तैयार की जा रही है। इसका उद्देश्य भारी बर्फबारी और कड़ाके की ठंड के बावजूद लोगों को निर्बाध डाक सेवा उपलब्ध कराना है। मंडी में सफल परीक्षण के बाद अब इस व्यवस्था को लाहौल की 11 और दूरदराज शाखाओं तक पहुंचाने की तैयारी है।