नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने आज नई दिल्ली में सोलर एनर्जी कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एस.ई.सी.आई.) के नए भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर श्री जोशी ने कहा कि एस.ई.सी.आई. को नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में दुनिया की अग्रणी संस्थाओं में शामिल होने और वैश्विक स्तर पर नए मानक स्थापित करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नए भवन के साथ संस्था विकास के नए दौर में प्रवेश करेगी और देश तथा दुनिया में नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने में उसकी भूमिका और मजबूत होगी।
श्री जोशी ने बताया कि एस.ई.सी.आई. ने 71 गीगावाट से अधिक नवीकरणीय ऊर्जा की आपूर्ति के लिए बिजली वितरण कंपनियों के साथ समझौते किए हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और टिकाऊ ऊर्जा से संचालित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में एस.ई.सी.आई. की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।