दिल्ली में वायु प्रदूषण को कम करने के लिए आज से शीतकालीन कार्ययोजना लागू हो रही है। दिल्ली सरकार के अनुसार, बीएस-6 मानकों का पालन नहीं करने वाले दिल्ली के बाहर के वाहनों को राजधानी में प्रवेश नहीं मिलेगा। धूल से होने वाले प्रदूषण को रोकने के लिए निर्माण कार्यों पर भी पाबंदियां लगाई जाएंगी। निर्माण स्थलों पर नजर रखने के लिए एआई कैमरे लगाए जाएंगे, जो सरकार के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से जुड़े होंगे।
योजना के तहत 50 प्रतिशत कर्मचारियों को घर से काम करने की सुविधा और ‘नो पीयूसी, नो फ्यूल’ नियम लागू किया जाएगा। इस नियम के अनुसार, जिन वाहनों के पास वैध प्रदूषण जांच प्रमाण-पत्र यानी पीयूसी नहीं होगा, उन्हें पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और एलपीजी नहीं मिलेगी। इसके अलावा, प्रदूषण कम करने के लिए इलेक्ट्रिक बसों और मेट्रो को बढ़ावा दिया जाएगा। धूल और वाहनों से होने वाले प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे। पार्किंग शुल्क में बदलाव और नियमों का कड़ाई से पालन भी सुनिश्चित किया जाएगा।