शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-मेधा छात्रवृत्ति योजना के तहत शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाकर 15 नवंबर कर दी है। मंत्रालय ने कहा है कि इससे पात्र विद्यार्थियों को राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर आवेदन पूरा करने के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा। छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने से पहले विद्यार्थियों को पोर्टल पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन यानी ओटीआर पूरा करना होगा। यह पोर्टल इस वर्ष एक जून से खुला है।
30 अक्टूबर तक इस पर करीब 90 हजार नए और लगभग दो लाख नवीनीकरण के आवेदन प्राप्त हुए हैं। इस योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को हर साल 12 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाती है। यह राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाती है। पहले से आवेदन कर चुके विद्यार्थियों को अपने आवेदन का सत्यापन 30 नवंबर तक संस्थान स्तर पर और 15 दिसंबर तक जिला स्तर पर कराना होगा।
इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों को पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है। इसके तहत हर साल कक्षा नौ के पात्र विद्यार्थियों को एक लाख नई छात्रवृत्तियां दी जाती हैं। योजना के अंतर्गत विद्यार्थी कक्षा आठ के बाद कक्षा 12 तक अपनी पढ़ाई जारी रख सकते हैं।