वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल आज मिलवॉकी, विस्कॉन्सिन में जी-20 देशों के मंत्रियों के साथ बैठक में शामिल होंगे। यह बैठक अमरीका के व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर के निमंत्रण पर आयोजित की जा रही है।
अमरीका की यात्रा के दौरान श्री गोयल अपने अमरीका के समकक्ष के साथ भारत-अमरीका द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए भी चर्चा करेंगे। वाणिज्य मंत्रालय ने कहा है कि बातचीत इस वर्ष 7 फरवरी को जारी संयुक्त बयान के अनुरूप अंतरिम समझौते को अंतिम रूप देने पर केंद्रित होगी।
श्री गोयल 29 सितंबर से 5 अक्टूबर तक अमरीका की यात्रा पर रहेंगे, जहां वे जी-20 बैठक में भारत विश्व व्यापार संगठन को केंद्र में रखते हुए नियम-आधारित, खुले, समावेशी और पारदर्शी बहुपक्षीय व्यापार व्यवस्था को मजबूत करने के मुद्दे पर चर्चा करेंगे।
यात्रा के दौरान श्री गोयल विनिर्माण, उपभोक्ता वस्तुओं, कृषि-व्यवसाय, खुदरा और प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख अमरीका की कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे।
यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब भारत और अमरीका के बीच व्यापार संबंधी बातचीत जारी है। इससे दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश संबंधों को और मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
इस वर्ष जी-20 की अध्यक्षता अमरीका के पास है। अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप 14 और 15 दिसंबर को फ्लोरिडा के डोराल में जी-20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेंगे।
राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा 18 सितंबर को रूस और ईरान पर प्रतिबंध संबंधी कानून पर हस्ताक्षर किए जाने के बाद श्री गोयल की यात्रा का महत्व और बढ़ गया है। इस कानून के तहत अमरीका के राष्ट्रपति को रूस से तेल और गैस खरीदने वाले देशों पर 100 प्रतिशत तक शुल्क लगाने का अधिकार दिया गया है।