सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री एल. मुरुगन ने आज पणजी में प्रदेश कार्यकारणी की बैठक के दौरान राज्य में भाजपा की संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की। श्री मुरुगन ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के महत्व पर बल दिया कि केंद्र सरकार की योजनाएं प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचे। उन्होंने राज्य की सभी 40 विधानसभा सीटों पर पार्टी संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया। श्री मुरुगन ने कार्यकर्ताओं से जमीन से जुडी संपर्क गतिविधियां तेज करने का आग्रह किया ताकि अगले वर्ष विधानसभा चुनाव में मजबूत जनादेश हासिल किया जा सके।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दामोदर नाईक ने कहा कि पार्टी सभी 40 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने लगभग 30 सीट जीतने का विश्वास प्रकट किया। उन्होंने कहा कि लगभग 10 सीटों पर संगठन अब भी मजूबत नहीं है और सभी खामियां दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। श्री नाईक ने कहा कि चुनावी गठबंधन के बारे में कोई भी फैसला उचित समय पर पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व ही करेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत, केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाईक, राज्यसभा सांसद सदानन्द शेत तानावडे और अन्य वरिष्ठ नेता बैठक में शामिल हुए। पार्टी ने उत्तरी गोवा, दक्षिणी गोवा और कुशावती क्षेत्र में संगठन का आधार मजबूत करने का संकल्प लिया।