भारतीय मानक ब्यूरो-बीआईएस ने चांदी की गुणवत्ता की जांच के लिए 102 जिलों में 341 सिल्वर एसेइंग और हॉल-मार्किंग सेंटर्स के साथ हॉलमार्क यूनिक आइडेंटिफिकेशन-एचयूआईडी आधारित चांदी के हॉल-मार्किंग तंत्र का विस्तार किया है। ब्यूरो त्योहारों के मौसम से पहले 25 हजार से ज्यादा चांदी के कारोबारियों को पंजीकृत कर चुका है। पिछले साल एक सितंबर को एचयूआईडी पोर्टल शुरू हुआ था। इसके बाद से 77 लाख से ज्यादा चांदी के आभूषणों पर एचयूआईडी के साथ हॉलमार्किंग की जा चुकी है। हॉलमार्किंग प्रणाली के तहत छह अंकों वाला एचयूआईडी चांदी के आभूषणों व कलाकृतियों की गुणवत्ता तय करता है।
ब्यूरो ने चांदी के आभूषण खरीदने वाले ग्राहकों को सलाह दी है कि वे शुद्धता का भरोसा पाने के लिए केवल बीआईएस पंजीकृत ज्वैलर्स से ही हॉलमार्क वाले चांदी के आभूषण खरीदें। बीआईएस ने ग्राहकों से आग्रह किया है कि वे चांदी के उत्पाद खरीदने पर उचित बिल लें और उसे भविष्य के लिए संभाल कर रखें।