जुलाई 6, 2026 6:03 पूर्वाह्न

printer

केन्‍द्रीय मंत्री अमित शाह आज नई दिल्‍ली में सहकारिता मंत्रालय के 5वें स्‍थापना दिवस समारोह में भाग लेंगे

केन्‍द्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह आज नई दिल्‍ली में सहकारिता मंत्रालय के पांचवें स्‍थापना दिवस समारोह में भाग लेंगे। मंत्रालय ने बताया कि सहकार से समृद्धि लक्ष्‍य के तहत इस समारोह का आयोजन किया गया है।
 
इस अवसर पर श्री शाह कई प्रमुख परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्‍यास करेंगे। इनमें 232 अनाज भंडारण गोदाम का उद्धाटन, सहकार वन तथा टिश्यू कल्‍चर केन्‍द्र का भूमि भूजन, राष्‍ट्रीय सहकारिता डेटाबेस के तीसरे चरण की शुरूआत और राष्‍ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के दुग्‍ध आपूर्ति समीक्षा डैश बोर्ड पोर्टल का शुभारंभ शामिल हैं। इस दौरान डेयरी पशुओं की उत्‍पादकता से संबंधी पहल, सहकारी दुग्‍ध उत्‍पादक संगठन लिमिटेड का शुभारंभ, गोमय सहकारी समिति लिमिटेड का उद्धाटन और राष्‍ट्रीय शहरी सहकारिता वित्‍त और विकास निगम की दो प्रमुख पहल का शुभारंभ भी होगा तथा 50 ह‍जार प्राथमिक कृषि ऋण समितियों को ई-समितियों में बदला जाएगा। 
 
कार्यक्रम के दौरान भारतीय बीज सहकारी सम‍िति लिमिटेड और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के बीच बीज आपूर्ति प्रणाली और दुग्‍ध सहकारी समतियों के मॉडल विधानों से संबंधित समझौता ज्ञापन पर हस्‍तक्षर होंगे। मंत्रालय की उपलब्धियों पर एक पुस्‍तिका का भी विमोचन होगा। 
 
मत्‍स्‍य, पशु पालन और डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह ऊर्फ लल्‍लन सिंह, राजस्‍थान के मुख्‍यमंत्री भजन लाल शर्मा और सहकारिता राज्‍यमंत्री कृष्‍णपाल गुर्जर और मुरलीधर मोहोल भी कार्यक्रम में उपस्‍थि‍त रहेंगे। 
पिछले पांच वर्ष में सहकारिता मंत्रालय ने प्राथमिक कृषि ऋण समितियों, सहकारी बैक, डेयरी कॉपरेटि‍व, शहरी कॉपरेटिव, राष्‍ट्रीय सहकारी संस्‍थानों और राज्‍य सहकारी समितियों के विकास के लिए कई महत्‍वपूर्ण पहल किए हैं।