जुलाई 6, 2026 7:07 पूर्वाह्न

printer

प्रधानमंत्री मोदी की तीन देशों की छह दिन की यात्रा आज से होगी शुरू

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की छह दिन की यात्रा आज से शुरू हो रही है। पहले चरण में वे दो दिन की यात्रा पर आज शाम इंडोनेशिया पहुचेंगे। यह प्रधानमंत्री मोदी की चौथी इंडोनेशिया यात्रा होगी। मई 2018 में दोनों देशों के संबंधों के व्यापक रणनीतिक भागीदारी तक पहुंचने के बाद से यह उनकी दूसरी यात्रा है। प्रधानमंत्री मोदी कल इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ वार्ता करेंगे और रणनीतिक भागीदारी में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे। जकार्ता में प्रधानमंत्री भारतवंशियों को भी संबोधित करेंगे। श्री मोदी सांस्‍कृतिक और ऐतिहासिक नगर योग्याकार्ता भी जांएगे। योग्‍याकार्ता में वे प्रम्‍बनन मंदिर जाएंगे। भारत और इंडोनेशिया मिलकर इस मंदिर का संरक्षण कार्य पूरा करेंगे। 
 
इंडोनेशिया ने भारत के लिए महत्‍वपूर्ण मलक्‍का जलडमरू क्षेत्र की सुरक्षा और स्‍थि‍रता में हमेशा महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाई है। यह क्षेत्र केवल भारत के लिए नहीं, बल्‍कि पूरी वैश्विक अर्थव्‍यवस्‍था के लिए महत्‍वपूर्ण है। 
 
यात्रा के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री आठ जुलाई को ऑस्‍ट्रेलिया के मेलबर्न पहुंचेंगे। वे प्रधानमंत्री एंथनी एल्‍बनीज के साथ भारत-ऑस्‍ट्रेलिया वार्षिक शिखर सम्‍मेलन में भाग लेंगे। श्री मोदी भारत और ऑस्‍ट्रेलिया मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी फोरम में दोनों देशों के उद्योग प्रमुखों को संबोधित करेंगे। वे ऑस्‍ट्रेलिया में भारतीय समुदाय के लोगों से भी मिलेंगे। 
 
यात्रा के तीसरे चरण में श्री मोदी 10 और 11 जुलाई को न्‍यूजीलैंड में होंगे। वे न्‍यूजीलैंड के नए प्रधानमंत्री क्रिस्‍टोफर लक्‍सन के साथ वार्ता करेंगे। दोनों नेताओं की बातचीत में द्वि‍पक्षीय संबंधों की समीक्षा होगी। पिछले दो वर्ष के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार और वाणिज्‍य तथा रक्षा क्षेत्र में संबंध और मजबूत हुए हैं। पिछले चालीस वर्ष में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली न्‍यूजीलैंड यात्रा होगी। श्री मोदी वहां उद्योग जगत और खेल जगत प्रमुखों से भी बातचीत करेंगे। न्यूजीलैंड में वे भारतवंशियों को भी संबोधित करेंगे।