भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण-यू.आई.डी.ए.आई ने ऑफ़लाइन सत्यापन के लिए एक विशेष उपलब्धि प्राप्त की है। इसके अंतर्गत रोलआउट के तीन महीने के भीतर 100 संस्थाओं ने ऑफ़लाइन सत्यापन चाहने वाली संस्थाओं-ओ.वी.एस.ई. के रूप में सफलतापूर्वक पंजीकरण कर लिया है। यह उपलब्धि आधार ऑफ़लाइन के माध्यम से सुरक्षित और कागज़रहित सत्यापन को सक्षम बनाने में एक महत्वपूर्ण प्रगति का प्रतीक है, जो सेवा प्रदाताओं और आम जनता दोनों को सशक्त बनाती है।
इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्रालय ने बताया कि ये संस्थाएं केंद्र और राज्य सरकारों के विभागों, फिनटेक कंपनियों, इवेंट मैनेजमेंट संगठनों, शिक्षा और परीक्षा संबंधी संस्थाओं जैसे विभिन्न क्षेत्रों से हैं।
मंत्रालय ने बताया कि क्यू.आर. कोड-आधारित सत्यापन और सुरक्षित डिजिटल रूप से हस्ताक्षरित दस्तावेज़ों जैसी आधार ऑफ़लाइन सत्यापन विधियों का लाभ उठाकर, ये संस्थाएं अब यू.आई.डी.ए.आई के केंद्रीय डेटाबेस से वास्तविक समय कनेक्टिविटी की आवश्यकता के बिना पहचान संबंधी जानकारी ‘दिखाने, साझा करने और सत्यापित करने’ में सक्षम होंगी।