त्रिपुरा के राज्यपाल इंद्र सेना रेड्डी नल्लू ने एन सी सी कैडेट्स से एकता, अनुशासन और निस्वार्थ सेवा के आदर्शों पर आधारित मज़बूत और एकजुट भारत बनाने में योगदान देने का आग्रह किया है। राज्यपाल ने आज नरसिंहगढ़ के टीआईटी संस्थान में विशेष राष्ट्रीय एकता शिविर – बीर बिक्रम एकता कैंप’ का उद्घाटन किया। इसका आयोजन 13 त्रिपुरा बटालियन एनसीसी ने किया है।
इस अवसर पर रेड्डी नल्लू ने कहा कि एनसीसी ने उनके चरित्र को आकार देने और देश के प्रति कर्तव्य की भावना जगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। राज्यपाल ने कहा कि भारत की ताकत उसकी विविधता में निहित है और एनसीसी कैंप विभिन्न राज्यों, भाषाओं, संस्कृतियों और परंपराओं के युवाओं को एक राष्ट्र के रूप में साथ रहने और काम करने का अवसर प्रदान करते हैं।
17 एनसीसी निदेशालय के कैडेट्स का स्वागत करते हुए, राज्यपाल ने त्रिपुरा को विविधता में एकता का जीवंत उदाहरण बताया।