अक्टूबर 29, 2026 9:32 अपराह्न

printer

त्रिपुरा: मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा ने 278 घर लाभार्थियों को सौंपे

त्रिपुरा में लाइटहाउस आवास परियोजना के अंतर्गत अगरतला में मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा ने 278 घर लाभार्थियों को सौंपे। केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने बताया कि यह परियोजना 2019 में वैश्विक आवास प्रौद्योगिकी पहल के अंतर्गत शुरू की गई थी और इसे देश के छह शहरों में लागू किया गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा ने कहा कि शेष घरों का निर्माण भी जल्द पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना लोगों को किफायती और टिकाऊ आवास उपलब्ध कराने के लक्ष्य को पूरा करने में मदद करेगी।

प्रत्येक घर का क्षेत्रफल 30 वर्ग मीटर, यानी लगभग तीन सौ बीस वर्ग फुट है और इसकी लागत 20 लाख रुपये है। लाभार्थियों को प्रति फ्लैट पांच लाख 40 हजार रुपये देने होंगे, जबकि शेष लागत केंद्र और राज्य सरकारें वहन करेंगी।