नवम्बर 2, 2026 12:39 अपराह्न

printer

पंजाब में दो दिन में आम आदमी पार्टी के तीन मौजूदा विधायकों ने दिया इस्तीफा, थामा भाजपा का दामन

पंजाब में आम आदमी पार्टी के तीन मौजूदा विधायकों ने पिछले दो दिन में पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।

पटियाला जिले के सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा और समाना से विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने कल इस्तीफा दिया था। आज अमृतसर उत्तर से विधायक और पूर्व आईपीएस अधिकारी कुंवर विजय प्रताप सिंह ने भी तत्काल प्रभाव से पंजाब विधानसभा की सदस्यता से त्‍यागपत्र दे दिया है।

कुछ समय तक स्वास्थ्य मंत्री रहे चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब की सत्ता में आने से पहले किए गए वादे पूरे नहीं किए। इनमें राज्य से नशे की समस्या खत्म करने का वादा भी शामिल था।

ये विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह, हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौरमाजरा आज भाजपा में शामिल हो गए। वे भाजपा के महासचिव सतीश पूनिया और पार्टी की पंजाब इकाई के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुए। पूर्व आई पी एस अधिकारी कुंवर विजय प्रताप सिंह अमृतसर उत्तर सीट का प्रतिनिधित्व करते थे, जबकि हरमीत सिंह पठानमाजरा सनौर सीट से और चेतन सिंह जौरमाजरा समाना विधानसभा क्षेत्र से विधायक थे।