पंजाब में राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 समारोह के उपलक्ष्य में, राज्य और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के 51 शिक्षण संस्थानों के हजारों विद्यार्थियों और राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने आज ‘खेलो इंडिया संवाद – खेल की बात प्रधानमंत्री के साथ’ कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना।
माय भारत पंजाब की राज्य निदेशक रश्मीत कौर ने बताया कि केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय के ‘माय भारत’ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेल, फिटनेस और युवा नेतृत्व वाले विकसित भारत के राष्ट्रीय दृष्टिकोण से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री का संबोधन ध्यानपूर्वक सुना और प्रेरित हुए।
पठानकोट स्थित आर्य महिला महाविद्यालय की छात्रा शिव्या ने कहा कि प्रधानमंत्री के संदेश हमेशा युवाओं को विकसित भारत के निर्माण के लिए समर्पित रूप से काम करने के लिए प्रेरित करते हैं।
प्रसिद्ध क्रिकेटर और सांसद हरभजन सिंह, टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा और अन्य खिलाड़ियों ने कार्यक्रम में भाग लिया। खिलाडि़यों ने प्रतिभागियों से बातचीत करते हुए उन्हें मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए खेलों में शामिल होने के लिए प्रेरित किया।
श्री हरभजन सिंह ने कहा कि नशे की लत से ग्रस्त युवाओं को खेलों से जोड़ना एक बड़ी चुनौती होगी। उन्होंने कहा कि खेल ही एकमात्र ऐसा माध्यम है जिसके जरिए नशे की लत को दूर किया जा सकता है।