जुलाई 22, 2026 7:31 पूर्वाह्न

printer

ईरान जहां भी परमाणु कार्यक्रम शुरू करने का प्रयास करेगा, वहीं हमला करेगा अमरीका: डॉनल्‍ड ट्रंप

अमरीकी राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अमरीका हर उस स्‍थल पर जोरदार हमले करेगा जहां ईरान अपना परमाणु कार्यक्रम फिर शुरू करने का प्रयास करेगा। व्‍हाइट हाउस में लेबनान के राष्‍ट्रपति जोसेफ आउन की उपस्थिति में श्री ट्रंप ने दावा किया कि ईरान तनाव जारी रखने के बावजूद बातचीत की कोशिश में है। 
 
ईरान के प्रति अमरीकी प्रशासन के रूख का बचाव करते हुए राष्‍ट्रपति ट्रंप ने चेतावनी दी कि परमाणु कार्यक्रम फिर शुरू करने की ईरान की किसी भी कोशिश का करारा जवाब दिया जाएगा। उन्‍होंने ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्‍य में व्‍यावसायिक जहाजों पर हमला न करने की चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसा होने पर अमरीका दस गुना अधिक हमले करेगा। 
 
श्री ट्रंप ने जार्डन में ईरान के ड्रोन हमले में अमरीकी सैनिको के मारे जाने की बात स्‍वीकार की। उन्‍होंने कहा कि वे इन सैनिकों के सम्‍मान में डोवर वायुसेना केन्‍द्र जाएंगे। 
 
इस बीच, अमरीका ने ईराक में इरबिल वायु सेना केंद्र पर ईरानी ड्रोन हमले में मारे गए अमरीकी सैन‍िक की पहचान कर ली है।
 
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन ने कहा कि अमरीका के साथ मौजूदा संघर्ष में सरकार सर्वोच्‍च नेता मोजतबा खामनेई के मार्ग दर्शन में फैसले ले रही है।