जुलाई 22, 2026 8:33 पूर्वाह्न

printer

भारत आज चंडीगढ़ में ब्रिक्स देशों के स्वास्थ्य मंत्रियों की बैठक की अध्यक्षता करेगा

भारत की मेजबानी में ब्रिक्‍स देशों के स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रियों की बैठक आज चंडीगढ़ में शुरू हो रही है। तीन दिन की इस बैठक में मुख्य रूप से स्‍वास्‍थ्‍य सुरक्षा, डिजिटल स्‍वास्‍थ्‍य, महामारी से निपटने की तैयारी और गुणवत्‍तापूर्ण स्‍वास्‍थ्‍य सेवा तक सब की पहुंच पर विचार-विमर्श होगा।

केन्द्रीय स्‍वास्‍थ्‍य सचिव पुण्‍य सलिला श्रीवास्‍तव ने मीडिया को बताया कि यह बैठक स्वास्थ्य संबंधी प्रमुख वैश्विक प्राथमिकताओं पर सामूहिक कार्रवाई की भारत की प्रतिबद्धता दर्शाती है। उन्‍होंने कहा कि मंत्रि‍स्‍तरीय बैठक में पारंपरिक और पूरक औषधि, स्‍वस्‍थ जीवन शैली, मानसिक आरोग्‍य और सक्षम स्‍वास्‍थ्‍य प्रणाली पर भी विचार होगा।

आधिकारिक कार्यक्रम की शुरूआत आज वरिष्‍ठ अधिकारियों के बैठक से होगी। इसके बाद कल स्‍वास्‍थ्‍य और परिवार कल्‍याण मंत्री जे. पी. नड्डा की अध्‍यक्षता में ब्रिक्‍स देशों के स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रियों की बैठक होगी। शुक्रवार को भारत “ब्रिक्‍स संवाद: डिजिटल स्‍वास्‍थ्‍य रिकॉर्ड से आर्टिफिशियल इंटेलि‍जेंस सक्षम स्‍वास्‍थ्‍य सेवा तक” शीर्षक से उच्‍चस्‍तरीय कार्यक्रम की मेजबानी करेगा।