सितम्बर 1, 2026 8:47 पूर्वाह्न

printer

चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में देश की जीडीपी 7.8% बढ़ी, रिजर्व बैंक के 7% के अनुमान से अधिक

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार भारत के सकल घरेलू उत्पाद-जीडीपी में 7.8% की वृद्धि दर्ज होने के बाद अमरीका ने भारत को एक गतिशील, मजबूत और लचीली अर्थव्यवस्था बताया है। एक समाचार एजेंसी को दिए साक्षात्कार में व्हाइट हाउस के वरिष्ठ उप प्रेस सचिव कुश देसाई ने कहा कि विकास के ये आंकड़े ट्रंप प्रशासन के भारत को एक तेजी से बढ़ती आर्थिक शक्ति के रूप में देखने के दृष्टिकोण की पुष्टि करते हैं।

वरिष्ठ उप प्रेस सचिव ने कहा कि भारत की विशाल और विस्तारित अर्थव्यवस्था अमरीकी कंपनियों और निवेशकों के लिए बड़े अवसर प्रदान करती है। अमरीकी प्रशासन भारत में अमरीका के निवेश को प्रोत्साहित करना चाहता है और अमरीका में भारतीय निवेश को भी बढ़ावा देना चाहता है। श्री देसाई ने कहा कि राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप भारत के साथ संबंधों को अत्यंत महत्वपूर्ण मानते हैं और उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपनी मित्रता के बारे में अक्सर बात की है।

प्रस्तावित भारत-अमरीका व्यापार समझौते पर श्री देसाई ने कहा कि बातचीत तकनीकी स्तर पर पहुंच गई है। दोनों पक्ष उत्पाद वर्गीकरण और शुल्क नियमों सहित विभिन्न विवरणों को सुलझाने के लिए काम कर रहे हैं।
श्री देसाई ने कहा कि अमरीका इस समझौते को लेकर आशावादी है और भारत के साथ आर्थिक और राजनीतिक साझेदारी को मजबूत करना चाहता है।