बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर कल से शुरू होने वाले तीन दिवसीय भारत दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं के साथ-साथ पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
प्रधानमंत्री डी वेवर भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते के संदर्भ में एक व्यापारिक कार्यक्रम में उद्बोधन भी करेंगे। वे मुंबई भी जाएंगे, जहां वे हीरा, बंदरगाह और रसद क्षेत्रों सहित विभिन्न हितधारकों से मुलाकात करेंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह दौरा भारत-बेल्जियम साझेदारी को और मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगा। इससे व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा, प्रौद्योगिकी, नवीकरणीय ऊर्जा, कनेक्टिविटी और जन-संबंधों सहित पारस्परिक हित के क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा मिलेगा।