जुलाई 18, 2026 7:05 पूर्वाह्न

printer

पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में जारी अशांति पर संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार एजेंसी ने जताई चिंता

संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार एजेंसी ने पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में जारी अशांति पर चिंता व्यक्त की है। संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त वोल्कर तुर्क ने प्रदर्शनकारियों की मौतों की त्वरित, निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।

श्री तुर्क ने पाकिस्तानी अधिकारियों से संयम बरतने, लोगों के मौलिक अधिकारों की रक्षा करने और हिंसा की घटनाओं के लिए जवाबदेही तय करने का आग्रह किया। उन्होंने क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच शांति बनाए रखने की अपील की।

संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, पिछले महीने से चुनावों से पहले जारी प्रदर्शनों के दौरान कई लोगों की मौत हुई है। उच्चायुक्त ने सभी मौतों की निष्पक्ष जांच की आवश्यकता पर जोर दिया है।

उन्होंने जम्मू-कश्मीर ज्वाइंट अवामी एक्शन कमेटी पर आतंकवाद विरोधी कानूनों के तहत लगाए गए प्रतिबंध और उसके नेताओं की गिरफ्तारी पर भी चिंता जताई है। संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि शांतिपूर्ण सभा और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अधिकारों का सम्मान किया जाना चाहिए।

संयुक्त राष्ट्र ने क्षेत्र के कुछ हिस्सों में इंटरनेट सेवाओं पर लगाए गए प्रतिबंधों पर भी चिंता व्यक्त की और अधिकारियों से पूरी इंटरनेट सुविधा बहाल करने की अपील की है।