जून 20, 2026 8:32 अपराह्न

printer

मुंबई में बेस्ट बस कर्मचारियों की हड़ताल आज दूसरे दिन भी जारी रही

मुंबई में बेस्ट बस कर्मचारियों की हड़ताल आज दूसरे दिन भी जारी रही, जिससे पूरे शहर में सार्वजनिक परिवहन सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार बेस्ट के दो हजार 766 बसों के बेड़े में से केवल चार बसें ही चल रही थीं, जिससे हजारों यात्रियों को असुविधा हुई।

बस सेवाएं लगभग पूरी तरह से बंद होने के कारण, यात्रियों को टैक्सी, ऑटो-रिक्शा, लोकल ट्रेन और परिवहन के अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ा। हड़ताल के पहले दिन कई यात्री बस स्टॉप पर फंसे रहे, जबकि आज कई लोगों ने यात्रा के वैकल्पिक इंतजाम किए और कुछ कर्मचारियों ने घर से काम करना चुना। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार एक हजार 937 ड्राइवरों में से केवल 26 और दो हजार 646 कंडक्टरों में से केवल नौ कंडक्टर ही ड्यूटी पर आये।

महाराष्ट्र सरकार द्वारा महाराष्ट्र आवश्यक सेवा रखरखाव अधिनियम के अंतर्गत संभावित कार्रवाई की चेतावनी के बावजूद, हड़ताली कर्मचारियों ने अपना आंदोलन जारी रखा है। यूनियन प्रतिनिधियों ने कहा कि जब तक उनकी प्रमुख मांगें पूरी नहीं हो जातीं, हड़ताल तब तक जारी रहेगी। इन मांगों में बेस्ट बजट का बृहन्मुंबई नगर निगम बजट में विलय और 7वें वेतन आयोग की सिफारिशों का कार्यान्वयन शामिल है।