रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन को रूस की तेल रिफाइनरियों पर लगातार हो रहे हमलों को लेकर जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है। अमरीकी राष्ट्रपति डॉन्लड ट्रंप की ओर से ऐसे हमलों को रोकने की अपील के बावजूद पुतिन ने कहा कि कीव ने वाशिंगटन के अनुरोध को नजरअंदाज किया है। उन्होंने ऊर्जा प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ाने की भी मांग की।
इस बीच, अक्टूबर के अंत से यूक्रेन के ड्रोन हमलों के कारण रूस की तेल शोधन क्षमता में कथित तौर पर 45 प्रतिशत की कमी आई है। यूक्रेन से आगे भी तनाव का असर देखने को मिल रहा है। पोलैंड ने रूस पर अपने हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। वहीं, ब्रिटेन ने अपनी कंपनियों को रूस की ओर से संभावित तोड़फोड़ की कोशिशों को लेकर आगाह किया है।
वहीं, यूक्रेन में रूस ने रातभर ज़ापोरिज़्ज़िया पर हमला किया। क्षेत्रीय अधिकारियों के मुताबिक, इस हमले में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार बच्चों समेत 40 लोग घायल हुए हैं।