राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने महाप्रबंधक स्तर पर वरिष्ठ पेशेवर पदों की नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किए हैं। इसके साथ ही, संघ लोक सेवा आयोग के प्रतिभा सेतु पोर्टल के माध्यम से सोलह युवा पेशेवरों की भर्ती प्रक्रिया भी शुरू की गई है। एनटीए ने एक बयान में कहा कि ये उपाय एजेंसी के संस्थागत पुनर्निर्माण की दिशा में पहला ठोस कदम है। जिसे प्रो. के. राधाकृष्णन की अध्यक्षता वाली उच्च स्तरीय विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के अनुरूप लागू किया जा रहा है।
एनटीए ने संविदा आधार पर महाप्रबंधक के चार पदों के लिए अधिसूचना जारी की है, जिनमें से प्रत्येक की प्रारंभिक अवधि तीन वर्ष है। मूल्यांकन अनुसंधान एवं विकास एवं साइकोमेट्रिक्स के महाप्रबंधक एनटीए के शैक्षणिक एवं मापन-विज्ञान कार्यों का नेतृत्व करेंगे। परीक्षण केंद्र नेटवर्क एवं संचालन के महाप्रबंधक एनटीए के राष्ट्रव्यापी परीक्षण केंद्र नेटवर्क का नेतृत्व करेंगे। इस केंद्र का दायरा पांच सौ से अधिक शहरों और चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय केंद्रों तक फैला हुआ है। वे पैनल में शामिल करने के मानकों, क्षमता नियोजन और केंद्र की गुणवत्ता के लिए जिम्मेदार होंगे। सूचना सुरक्षा के महाप्रबंधक, जिन्हें एनटीए का मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी नामित किया गया है, एजेंसी के साइबर सुरक्षा कार्यों का नेतृत्व करेंगे। सतर्कता, जांच और फोरेंसिक विभाग के महाप्रबंधक, एनटीए के आंतरिक सतर्कता, जांच और डिजिटल फोरेंसिक विभाग का नेतृत्व करेंगे।
एनटीए ने कहा कि युवा पेशेवरों की नियुक्ति पहली बार की जा रही है। एजेंसी ने कहा है कि विशेषज्ञों की उच्च स्तरीय समिति द्वारा अनुशंसित दस कार्यात्मक क्षेत्रों में आगामी हफ्तों में और अधिक भर्ती तथा पैनल में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।