राष्ट्रीय महिला आयोग ने बिहार के जमुई जिले में एक युवती के साथ कथित छेड़छाड़, मारपीट, जबरन रोकने और उत्पीड़न की घटना से संबंधित मीडिया रिपोर्टों का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने कहा कि मीडिया रिपोर्टों और प्रसारित वीडियो के अनुसार कुछ लोगों ने रात में एक युवती और उसके पुरुष साथी के साथ कथित तौर पर मारपीट की।
आयोग की अध्यक्ष विजया राहतकर ने बिहार के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर तत्काल एफआईआर दर्ज करने, वीडियो फुटेज के आधार पर सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने को कहा है।
आयोग ने पीड़ितों की सुरक्षा, कानूनी सहायता और मनोवैज्ञानिक परामर्श उपलब्ध कराने के साथ-साथ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो के प्रसार को रोकने के लिए कड़ी कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। आयोग ने सात दिन के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट भी मांगी है।