अक्टूबर 28, 2026 9:01 अपराह्न

printer

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, शिक्षा मंत्रालय तथा यूनेस्को ने स्कूलों में खेल मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए समझौता किया

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, शिक्षा मंत्रालय तथा यूनेस्को ने आज देश के स्कूलों में खेलों में ईमानदारी और निष्पक्षता जैसे मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए हर कक्षा में खेल मूल्य टूलकिट के माध्यम से एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता ज्ञापन युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी और यूनेस्को के दक्षिण एशिया क्षेत्रीय कार्यालय निदेशक डॉ. टिम कर्टिस की उपस्थिति में हुआ।

इस अवसर पर श्री जोशी ने कहा कि यह समझौता ज्ञापन शिक्षा और खेल के बीच लंबे समय से चली आ रही खाई को पाटने का काम करेगा। उन्होंने जमीनी स्तर पर अवसरों को मजबूत करने तथा युवा खिलाड़ियों के लिए बेहतर मार्ग प्रशस्त करने की आवश्यकता पर बल दिया।

खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि खेल उत्कृष्टता और निष्ठा साथ-साथ चलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रतिभा, अनुशासन और कड़ी मेहनत खेल में सफलता के लिए आवश्यक हैं, लेकिन निष्ठा, निष्पक्षता और विश्वसनीयता भी उतनी ही महत्वपूर्ण हैं।

पहल का उद्देश्य शिक्षा, खेल और दैनिक कक्षा गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में सम्मान, सत्यनिष्ठा और निष्पक्षता जैसे मूल्यों को विकसित करना है। युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय ने कहा कि इस टूलकिट के वीडियो मॉड्यूल 13 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध होंगे। इसका लक्ष्य देश के विद्यार्थियों तक पहुंचना और एक मजबूत, अधिक निष्पक्ष खेल पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण करना है।