अक्टूबर 31, 2026 7:05 पूर्वाह्न

printer

राष्ट्रीय एकता दिवस: दिल्ली में ‘रन फॉर यूनिटी’ को लेकर एडवाइजरी जारी

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आज होने वाली ‘रन फॉर यूनिटी’ को देखते हुए दिल्ली यातायात पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत नई दिल्ली के कुछ इलाकों में सुबह लगभग 9 बजे तक यातायात प्रभावित रहेगा और कई रास्तों पर बदलाव किया जाएगा। ‘रन फॉर यूनिटी’ मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम के गेट नंबर एक से शुरू होगी और सी-हेक्सागन की ओर जाएगी। इसके बाद प्रतिभागी शाहजहां रोड के सामने से दाईं ओर मुड़ेंगे और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा के पास दौड़ समाप्त होगी।

इस दौरान भगवान दास रोड, पुराना किला रोड, मथुरा रोड, शेरशाह रोड, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग और मंडी हाउस सहित कई रास्तों पर यातायात में बदलाव रहेगा। दिल्ली यातायात पुलिस ने लोगों को इन इलाकों और आसपास की सड़कों पर जाने से बचने की सलाह दी है। वाहन चालकों से वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।