आकाशवाणी द्वारा आज रात सरदार पटेल स्मृति व्याख्यान का प्रसारण किया जाएगा। यह व्याख्यान केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिया है। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर इस व्याख्यान की रिकॉर्डिंग रात 9 बजकर 30 मिनट पर आकाशवाणी के सभी केंद्रों से प्रसारित की जाएगी। 67वें सरदार पटेल स्मृति व्याख्यान में श्री चौहान ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की सोच, दृढ़ संकल्प और नेतृत्व ने भारत की एकता और अखंडता को मजबूत आधार दिया।
उन्होंने कहा कि 565 रियासतों को भारत में मिलाने में सरदार पटेल की भूमिका देश के इतिहास में बहुत महत्वपूर्ण रही है। श्री चौहान ने कहा कि सरदार पटेल का एक मजबूत और एकजुट भारत का सपना आज भी ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संदेश के माध्यम से देश को प्रेरित करता है। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति सरदार पटेल के मजबूत दृष्टिकोण से प्रेरणा लेते हुए भारत ने सीमापार से आने वाले खतरों का कड़ा जवाब दिया है। इसमें सर्जिकल स्ट्राइक जैसे कदम भी शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि सरदार वल्लभभाई पटेल स्वतंत्र भारत के पहले उप प्रधानमंत्री और सूचना एवं प्रसारण मंत्री थे। उनकी स्मृति में आकाशवाणी वर्ष 1955 से हर साल सरदार पटेल स्मृति व्याख्यान का आयोजन करता आ रहा है। यह वार्षिक व्याख्यान विभिन्न विषयों पर विचार साझा करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। इसके माध्यम से देश की सांस्कृतिक विरासत और विकास से जुड़ी चुनौतियों को समझने का अवसर भी मिलता है।