महाराष्ट्र में पानी की कमी को देखते हुए राज्य सरकार ने 16 अक्टूबर से 10 प्रतिशत पानी की कटौती करने का फैसला किया है। जल संसाधन मंत्री गिरीश महाजन ने सभी शहरी निकायों को इसके निर्देश दिए हैं। सरकार के मुताबिक, कम बारिश और पानी की कमी को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। पीने के पानी को सबसे पहले प्राथमिकता दी जाएगी। हर बांध में 10 प्रतिशत पानी आपात स्थिति के लिए बचाकर रखा जाएगा। स्थानीय निकायों को पानी की बर्बादी और लीकेज रोकने के निर्देश दिए गए हैं। इस्तेमाल किए गए पानी को बागवानी, निर्माण और सफाई में इस्तेमाल किया जाएगा। उद्योगों को कम से कम 30 प्रतिशत पानी दोबारा इस्तेमाल करने को कहा गया है। खेती के लिए पानी देने से पहले पीने के पानी, पशुओं और चारे की जरूरत पूरी की जाएगी। इसके बाद रबी की फसलों को पानी दिया जाएगा। बिना अनुमति बांध, नदी या नहर से पानी लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
News On AIR | अक्टूबर 5, 2026 7:55 अपराह्न
महाराष्ट्र सरकार ने 10 प्रतिशत पानी की कटौती करने का फैसला किया