भारतीय सेना ने हवाई निगरानी, त्वरित प्रतिक्रिया और युद्धक्षेत्र तक पहुंच बढ़ाने के लिए सीमावर्ती राज्य पंजाब में अत्याधुनिक ड्रोन से लैस अपनी पहली बाज़ बटालियन का गठन किया है। यह बटालियन आकाश में निगरानी तंत्र और युद्धक्षेत्र में दुश्मन पर बढ़त के रूप में काम करेगी।
आकाशवाणी संवाददाता की रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब के रक्षक कहे जाने वाले सेना के 11वें कोर जिसे वज्र कोर भी कहा जाता है, यह कोर बाज़ बटालियन को परिचालन में लाने वाला पहला कोर है। ‘बाज़’ नाम एक शिकारी पक्षी से लिया गया है।
एक सोशल मीडिया पोस्ट में, वज्र कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग ने सभी रैंकों के साथ बटालियन के गठन दिवस पर शुभकामनाएं दीं।
बाज़ ड्रोन चालकों और योद्धाओं से बातचीत करते हुए, जनरल ऑफिसर कमांडिंग ने इस बात पर जोर दिया कि प्रौद्योगिकी, नवाचार और परिचालन उत्कृष्टता भविष्य के युद्धक्षेत्र के लिए हवाई बढ़त को और मजबूत करेगी।