ओडिशा में बाढ़ की स्थिति अब भी गंभीर । राज्य की कई नदियां उफान पर हैं और सैकड़ों गांव जलमग्न हैं। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी आज भद्रक, बालासोर, जाजपुर और क्योंझर सहित बाढ़ प्रभावित जिलों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। वे वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राहत, बचाव और पुनर्वास कार्यों की समीक्षा भी करेंगे।
हीराकुंड जलाशय का जलस्तर बढ़कर 625 फीट के ऊपर पहुंच चुका है। जल नियंत्रण के लिए 22 गेट खोले गए हैं। बैतरणी, देवी और भार्गवी नदियों का जलस्तर धीरे-धीरे घट रहा है, जबकि सालंदी और कुशाभद्रा नदियों में पानी बढ़ रहा है।
कई जिलों में गांव, सड़कें और खेत जलमग्न हैं, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। एहतियात के तौर पर भद्रक जिले के स्कूल आज बंद रखे गए हैं।
इस बीच, मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए 20 जिलों में तेज बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग, ने 6 अगस्त तक राज्य में बारिश की संभावना व्यक्त की है। साथ ही लोगों से सतर्क रहने को कहा है।