अक्टूबर 25, 2026 8:33 अपराह्न

printer

त्योहारों में मिठाइयों की शुद्धता की जांच के लिए दिल्‍ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज की

त्योहारों के दौरान लोगों को शुद्ध और सुरक्षित मिठाइयां तथा खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए दिल्‍ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में विभाग ने निहाल विहार में बिना लाइसेंस संचालित रसगुल्ला निर्माण इकाइयों, अन्य मिठाई निर्माताओं और मिठाई की दुकानों सहित 13 परिसरों का निरीक्षण किया। इस दौरान लगभग 402 किलोग्राम खाद्य सामग्री नष्ट की गई। इसके साथ ही विभाग ने मोरी गेट खोया मंडी में विशेष अभियान चलाकर लगभग 370 किलोग्राम खोया और 150 किलोग्राम छेना नष्ट किया। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार यह सामग्री लावारिस पाई गई और खराब होने के साथ उसमें दुर्गंध आ रही थी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य निर्माण, निर्धारित मानकों के अनुरूप भंडारण और उपभोक्ताओं तक सुरक्षित खाद्य सामग्री पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी कारोबारी को अधिक मुनाफे के लिए लोगों की सेहत को जोखिम में डालने की अनुमति नहीं दी जा सकती।