ब्राज़ील सरकार ने अमेज़न वर्षावन क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए 61 करोड़ 75 लाख अमरीकी डॉलर आवंटित किए हैं। यह निवेश पिछले वर्ष के कॉप-30 सम्मेलन के दौरान घोषित इको इन्वेस्ट कार्यक्रम का हिस्सा है।
इस निवेश का उपयोग सतत पर्यटन, बुनियादी ढांचे और जैव-अर्थव्यवस्था से जुड़े क्षेत्रों में किया जाएगा, जिसके अंतर्गत अमेज़न के प्राकृतिक संसाधनों जैसे अकाई और ब्राज़ील नट्स का उत्पादन करने वाली सहकारी समितियों को वित्तीय मदद की जाएगी।
इको इन्वेस्ट कार्यक्रम के अंतर्गत ब्राजील का राष्ट्रीय राजकोष निजी और विदेशी निवेश को आकर्षित करने के लिए बैंकों को कम ब्याज दरों पर ऋण देगा। अब तक, इको इन्वेस्ट ने सार्वजनिक और निजी संसाधनों को मिलाकर लगभग 28 अरब अमरीकी डॉलर जुटाए हैं। यह निवेश घोषणा ऐसे समय में आई है, जब ब्राज़ील की पर्यावरण नीतियों को कई बड़े झटके लगे हैं।
हालांकि, ब्राज़ील के पर्यावरण मंत्री जोआओ पाउलो कैपोबियान्को ने कहा कि देश वनों की कटाई को कम करने और अपने जलवायु लक्ष्यों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।