तेलंगाना का विशेष पुष्प उत्सव बथुकम्मा कल एंगिलीपुला बथुकम्मा के साथ शुरू हुआ। नौ दिन तक मनाए जाने वाले इस उत्सव में महिलाएँ तंगेडु, गुनुगु, गेंदा और गुलदाउदी जैसे रंग-बिरंगे फूलों से बथुकम्मा तैयार करती हैं। इन फूलों को ऊंचे गुंबद के आकार में सजाया जाता है। इसके शीर्ष पर हल्दी से बनी देवी गौरीम्मा की छोटी-सी प्रतिमा रखी जाती है। उत्सव के अंत में बथुकम्मा को तालाब या झील में विसर्जित कर दिया जाता है।
नौ दिन में प्रत्येक दिन का एक अलग नाम होता है। पहले दिन एंगिलीपुला बथुकम्मा के बाद अतुकुला, मुद्दपप्पु, नानाबिय्यम, अतला, अलिगिना, वेपकायला और वेन्नामुद्दाला बथुकम्मा मनाई जाती है। सड्डुला बथुकम्मा के साथ इस पर्व का समापन होता है। प्रत्येक दिन देवी को अलग-अलग प्रकार का प्रसाद अर्पित किया जाता है। यह त्योहार प्रकृति की आराधना का प्रतीक है। साथ ही, यह महिलाओं की एकता और तेलंगाना की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी दर्शाता है।